चंडीगढ़, 3 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भारत दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों की अपेक्षा अभी भी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में हमें जितना विकास करना चाहिए था उतना विकास हम नहीं कर पाए हैं।
पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) चंडीगढ़ के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अन्य देशों खासकर दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों ने जो तरक्की की है, उससे हम अपनी तुलना नहीं कर सकते। हम उनसे पिछड़ गए हैं।"
उन्होंने कहा, "इस क्षेत्र में हम जितना विकास कर सकते थे, उतना विकास नहीं कर पाए। हमारा लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के मौजूदा एक फीसदी से बढ़ाकर दो-तीन फीसदी किया जाए। इसके लिए केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारों को भी कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी।"